सिंगरौली
राष्ट्रीय एकता दिवस पर माड़ा में“रन फॉर यूनिटी” का हुआ आयोजन
माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा के नेतृत्व में बच्चों और क्षेत्र वासियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज पूरे देश की तरह राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में माड़ा थाना परिसर में “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर थाना परिसर से मुख्य मार्ग तक लगभग 3 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई, जिसमें बच्चों, बच्चियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ दौड़ लगाई।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा, एसआई बालेंद्र त्यागी, एएसआई निलेश मिश्रा, एएसआई अवधेश पटेल, प्रधान आरक्षक रामसुख यादव, आरक्षक आबिद कुरैशी, आरक्षक सुंदर, सहित समस्त थाना स्टाफ, माड़ा क्षेत्र के जनपद सदस्य रणधीर सिंह, समाजसेवी अंकित सिंह,विवेक सिंह परिहार और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा ने कहा “सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की अखंडता और एकता के लिए जो योगदान दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। हमें उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।”
कार्यक्रम के समापन पर थाना प्रभारी ने बच्चों को मैडल और प्रमाणपत्र वितरित कर उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से राष्ट्र प्रेम और सामाजिक एकता की भावना को नई ऊर्जा मिलती है। अंत में उन्होंने संदेश दिया “राष्ट्र की एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है — सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।”



