“विदेशी कंपनियां भारत छोड़ो” के आह्वान के साथ बागपत में पहुंची स्वदेशी संकल्प यात्रा
स्थानीय बाजारों से खरीदारी कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत – स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में निकाली जा रही स्वदेशी संकल्प यात्रा बुधवार को बागपत पहुंची। “विदेशी कंपनियां भारत छोड़ो” के आह्वान के साथ यात्रा का बिनोली में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया। पोस्टर-बैनर और नारेबाज़ी के साथ यात्रा के आगमन से पूरे क्षेत्र में स्वदेशी का संदेश गूंज उठा।
यह यात्रा रामपुर से प्रारंभ होकर मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, बुलंदशहर, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और शामली होते हुए 17 अक्टूबर को सहारनपुर में सम्पन्न होगी। यात्रा का उद्देश्य स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग को जन-आंदोलन में बदलना और विदेशी कंपनियों के बढ़ते वर्चस्व के विरुद्ध जनजागरण फैलाना है।
मुख्य अतिथियों ने दी प्रेरक सीख
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक चौघरी कुलदीप ने कहा —
“स्वदेशी ही आत्मनिर्भरता का आधार है। यह केवल एक विचार नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की सशक्त अभिव्यक्ति है। यदि हम देश के रोजगार और व्यापार को बचाना चाहते हैं तो स्वदेशी ही एकमात्र रास्ता है।”
प्रान्तीय कार्यकारिणी सदस्य संदीप फौजी और प्रान्तीय सम्पर्क प्रमुख मनोज विश्नोई ने कहा कि स्वदेशी से हमें आत्मबल और आत्मविश्वास मिलता है। उन्होंने आह्वान किया कि विदेशी ऑनलाइन कंपनियों का बहिष्कार कर स्थानीय बाजारों से खरीदारी की जाए, ताकि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
प्रान्तीय संगठन मंच बिजेंद्र जी और अयम प्रमुख मोनटी भाई ने कहा —
“स्वदेशी हमारा प्राण है। यदि हम अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करें तो भारत को विश्व की प्रथम अर्थव्यवस्था बनने से कोई नहीं रोक सकता।”
स्थानीय नेतृत्व ने भी बढ़ाया स्वर
स्वदेशी जागरण मंच लक्ष्मी नगर सहसंयोजक राधेश्याम फौजी व जिला कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने कहा कि छोटे-छोटे उद्योग देश में रोजगार सृजन को गति दे सकते हैं।
जिला समन्वयक प्रमुख अजय निर्वाल व नगर संयोजक आचार्य फोनू शर्मा ने कहा कि विदेशी कंपनियां देश का धन बाहर ले जाती हैं जबकि स्वदेशी उद्योग देश के भीतर निवेश कर रोजगार के अवसर बढ़ाते हैं।
उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष मुदित जैन और किसान यूनियन भानू के जिलाध्यक्ष राजीव चौघरी ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच की यह यात्रा व्यापारिक हितों के लिए एक जन आंदोलन के रूप में उभरेगी।
जिला संयोजक रकम सिंह सोलंकी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रा का उद्देश्य स्वदेशी की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
रैली, नुक्कड़ सभा और पुतला दहन से गूंजा स्वदेशी संदेश
यात्रा पंचमुखी मंदिर से प्रारंभ होकर बाजार मार्ग से होती हुई दिल्ली बस स्टैंड तक निकाली गई, जहां विदेशी कंपनियों के प्रतीकात्मक पुतले का दहन कर विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का संकल्प लिया गया।
रास्ते में जगह-जगह नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने “विदेशी का बहिष्कार – स्वदेशी को स्वीकार” के नारे लगाए और स्वदेशी व विदेशी वस्तुओं की सूचियां आमजन को वितरित कीं।
बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
कार्यक्रम में पंचमुखी मंदिर संस्कृत विद्यालय के अध्यक्ष देवकुमार जी के नेतृत्व में 50 से अधिक बटुकों ने विशेष सहभागिता की।
इसके अलावा एडवोकेट अंकित लापरण, मनोज जोहडी, सह संयोजक विशाल जैन, नगर कार्यकारिणी सदस्य राजू, अमरदीप नगर, बिजेंद्र जी (प्रान्त), सह संयोजक विशु, सिद्घार्थ शर्मा, सत्यपाल बुटार, शुभम चौधरी, अर्जुन गुराना, प्रशान्त, नीरज राणा, लकी कश्यप तथा गौ रक्षा दल की सम्पूर्ण टीम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वदेशी संकल्प यात्रा ने बागपत में जन-जागरूकता और आत्मनिर्भर भारत के लिए एक नई चेतना का संचार किया है। इस यात्रा का अगला पड़ाव मुजफ्फरनगर रहेगा।



