फरार आरोपी के घर ढोल–नगाड़े के साथ चिपकाया इश्तेहार
A notice was pasted at the home of the absconding accused accompanied by drums and trumpets.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद । बाघमारा प्रखंड के मंदरा पंचायत की मुखिया ललिता देवी के पति शंकर वेलदार पर हुए जानलेवा हमले के फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़े और गाजे-बाजे के साथ तेलोटांड स्थित आरोपी विश्वजीत चक्रवर्ती उर्फ विसु तथा बेनीडीह फुलारीटांड स्थित आरोपी अभय पासवान उर्फ बंगाली के घर पर न्यायालय के आदेश के अनुसार इश्तेहार चिपकाया। गौरतलब है कि 25 अगस्त 2025 को दोनों आरोपियों ने शंकर वेलदार पर गोली चलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे हैं। बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि फरार रहने पर न्यायालय ने दोनों के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया है। इसी आदेश के आलोक में शुक्रवार को पुलिस ने भगोड़ा आरोपियों के घर इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की है। यदि आरोपी जल्द ही न्यायालय या थाना में सरेंडर नहीं करते हैं तो उनके संपत्ति की कुर्की-जब्ती की जायेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लोगों में उम्मीद जगी है।



