गाजियाबाद
गरिमा गार्डन वार्ड नंबर 64 में कूड़े के ढेर में लगी आग से मचा हड़कंप
फायर ब्रिगेड की तत्परता से बुझी लपटें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : गरिमा गार्डन वार्ड नंबर 64 के पसौंडा से सिकंदरपुर रोड पर स्थित कूड़े के बड़े ढेर में अचानक आज आग लग जाने से इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। आग लगने के कारण आसपास की कॉलोनियों में घना धुआं फैल गया, जिससे कॉलोनीवासियों को सांस लेने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगते ही धुआं चारों ओर फैल गया और कई घरों के अंदर तक धुएं की तीव्र गंध महसूस की जाने लगी। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना क्षेत्रीय समाजसेवी अकबर चौधरी, उत्तर प्रदेश महासचिव (अल्पसंख्यक कांग्रेस) को दी। उन्होंने तुरंत इस मामले की शिकायत फायर ब्रिगेड विभाग और पुलिस प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। करीब कुछ देर की कोशिशों के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। फायर ब्रिगेड की तत्पर कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई
स्थानीय निवासियों ने भी राहत की सांस ली और प्रशासन से आग्रह किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कूड़े के ढेरों के नियमित निस्तारण और सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि क्षेत्र में इस प्रकार के प्रदूषण से बचा जा सके।

