बागपत
सारथी वेलफेयर फाउंडेशन ने झुग्गी-झोपड़ियों में मनाया दीपावली मिलन कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ौत/बागपत : सारथी वेलफेयर फाउंडेशन ने दीपावली के अवसर पर समाज के जरूरतमंद तबके तक खुशियाँ पहुँचाने का सराहनीय कदम उठाया। संस्था के सदस्यों ने झुग्गी-झोपड़ियों और गरीब बस्तियों में जाकर बच्चों एवं परिवारों के बीच दीपावली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया।
इस दौरान बच्चों को मिठाई, दीप, मोमबत्तियाँ, कपड़े और उपहार वितरित किए गए। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि “दीपावली का असली आनंद तभी है जब समाज के हर वर्ग में खुशियाँ बाँटी जाएँ।”
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित दीपावली मनाने के संदेश भी दिए। बच्चों के चेहरों पर उपहार पाकर जो मुस्कान दिखी, वह कार्यक्रम का सबसे सुंदर क्षण रहा।
इस अवसर पर अध्यक्ष विकास गुप्ता, वंदना गुप्ता, ऋतु काजल (SI), शैली मोरल, संजना जैन, मोनिका राजपूत, आशा ग्रोवर, अनिल अरोरा, अंकुश खोखर, सचिन जैन, अनमोल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
मिशन शक्ति प्रभारी ऋतु काजल का वक्तव्य
मिशन शक्ति प्रभारी ऋतु काजल ने कहा कि “दीपावली केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि यह आपसी प्रेम, सहयोग और समानता का प्रतीक है। समाज के वंचित वर्ग के साथ खुशियाँ बाँटना ही सच्ची दीपावली है। मिशन शक्ति के माध्यम से हमारा उद्देश्य महिलाओं, बच्चों और परिवारों को सशक्त बनाना तथा हर व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। जब समाज की हर इकाई एक-दूसरे का हाथ थामेगी, तभी एक सुरक्षित, सशक्त और समरस भारत का निर्माण होगा।”
कार्यक्रम के दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और स्थानीय निवासियों ने संस्था के इस कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।



