दीपावली पर फरिश्ता बनकर आई हापुड पुलिस
डीएम अभिषेक पांडे और एसपी ज्ञानंजय सिंह ने वृद्धजनों और गरीबों के बीच पहुंचकर बांटे उपहार....

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – यूपी के हापुड में प्रशासन और पुलिस का एक शानदार और मिलनसार चेहरा देखने को मिला है । आमतौर पर पुलिस लोगों के बीच खौफ के पर्याय के तौर पर जानी जाती है लेकिन हापुड़ जिले की पुलिस का दीपावली पर्व पर एक सामाजिक चेहरा देखने को मिला है । एक तरफ हापुड के डीएम अभिषेक पांडे ने दोयमी गांव स्थित वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया और उन्हें मिठाइयां देते हुए वृद्धजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया तो वहीं दूसरी तरफ हापुड के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने थाना हापुड़ नगर क्षेत्रांतर्गत निराश्रय सेवा समिति कॉलोनी के बच्चों को उपहार, फल और मिठाई आदि वितरित कर उनके साथ दीपावली मनाकर उन्हें अपनेपन का एहसास कराया । इसके साथ ही एसपी कैंप कार्यालय और आवास पर एसपी ज्ञानंजय सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती मीना सिंह द्वारा दीपावली के शुभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक आवास व कैम्प कार्यालय पर लगे कर्मचारियों को मिठाईयां एवं उपहार वितरित कर सभी को दीपावली की शुभकामनाए दी गई।
इसके साथ ही हापुड देहात थाना प्रभारी विजय गुप्ता और वहां के स्टाफ ने थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजस्थान के रहने वाले परिवार के बीच पहुंचकर बच्चों के बीच दीपावली मनाई। यहीं नहीं थाना प्रभारी ने खुद बच्चों के साथ दीए तथा पटाखे जलाते हुए पुलिस ने बच्चों के बीच दीपावली का त्योहार मनाया । इस अवसर पर बच्चों को कॉपी किताबों के वितरण के साथ-साथ मिठाई और उपहार भी दिए गए। वही योगी सरकार और हापुड़ पुलिस की परिवार ने जमकर तारीफ भी की ।



