बरेली
चार किलो मार्फिन के साथ तस्कर गिरफ्तार, सरगना फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बारादरी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के बंगसान निवासी सिराज अहमद को चार किलो 186 ग्राम मार्फिन के साथ गिरफ्तार किया है। गिरोह का सरगना देवचरा, भमोरा निवासी सुरेन्द्र शर्मा फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। आरोपी डीसीएम में गुप्त केबिन बनाकर कई राज्यों से मादक पदार्थों को लाकर उसकी सप्लाई करते थे। बरामद की गई मार्फिन की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब चार करोड़ 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि पुलिस बीते दिवस सुबह गश्त कर रही थी। इसी बीच जानकारी मिली कि डोहरा रोड स्थित छात्रावास के पास एक डीसीएम गाड़ी में भारी मात्रा में तस्कर मादक पदार्थ छिपाकर ला रहे हैं। जिन्हें सप्लाई करेंगे। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने डीसीएम को रोककर चालक सिराज अहमद को नीचे उतरा और गाड़ी की तलाशी लेनी शुरू की। पुलिस ने गाड़ी के नीचे बने एक गुप्त बॉक्स को खोला तो उसमें मार्फिन रखी हुई थी। पुलिस ने जैसे ही मार्फिन बरामद की तो सरगना सुरेन्द्र शर्मा दीवार फांदकर पुलिस को चकमा देते हुए मौके से फरार हो गया। फरार सरगना की तलाश में पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। दावा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि अंतर्राज्यीय गिरोह के तस्कर को 4.15 करोड़ रुपये की मार्फिन के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरोह का सरगना मौके से फरार हो गया। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।



