अमेठी

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

 

अमेठी। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार को रिज़र्व पुलिस लाइन अमेठी में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस के अमर शहीद जवानों को श्रद्धा-सुमन अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
यह दिवस उन शहीद जवानों की याद में मनाया जाता है जिन्होंने 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट-स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में वीरगति पाई थी। इस घटना में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए थे। तभी से प्रत्येक वर्ष यह दिवस उन वीरों की स्मृति में पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश लखनऊ के संदेश को पढ़कर सुनाया और ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि शहीद पुलिसकर्मी हमारे आदर्श हैं, जिनकी कर्तव्यनिष्ठा सदैव प्रेरणा देती रहेगी।
इस अवसर पर जनपद अमेठी के स्वर्गीय उपनिरीक्षक मंजीत सिंह को विशेष रूप से याद किया गया, जो 18 जून 2025 को राजस्थान में अपहृता की बरामदगी के मिशन पर गए थे। और वापसी के दौरान 20 जून को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में शहीद हो गए थे। एसपी अमेठी ने उनके परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button