छेड़छाड़ से आहत किशोरी फंदे से लटकी, मेरठ के अस्पताल में हुई मौत..
आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर भेज चुकी है जेल...

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने कोतवाली देहात प्रभारी समेत 2 पुलिसकर्मी निलंबित किए…
हापुड (यूपी) – छेड़छाड़ से आहत एक किशोरी की मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी ज्ञानंजय सिंह ने कोतवाली देहात प्रभारी विजय गुप्ता और चौकी इंचार्ज जसवंत को निलंबित कर दिया है। हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा निवासी किशोरी के साथ पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने तीन अक्तूबर को सुबह छेड़छाड़ कर दी। जिससे आहत होकर किशोरी ने फंदे से लटक कर आत्महत्या का प्रयास किया था , मेरठ के अस्पताल में युवती की मृत्यु हो गई।
परिजनों का आरोप है कि छेड़छाड़ से आहत पीड़िता ने फंदे से लटककर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिजनों ने गंभीर हालत में किशोरी को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई । गांव निवासी महिला ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला इंद्रपाल उन्हें घर तक लेने आता है । तीन अक्तूबर की सुबह वह अपनी बड़ी पुत्री के साथ पशुओं का चारा लेने जंगल में गई थीं। उनकी छोटी पुत्री घर पर अकेली थी। इसी बीच आरोपी इंद्रपाल पुत्री को अकेली देखकर जबरन उनके घर में घुस आया। आरोपी ने उनकी पुत्री के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ की थी । पुत्री के शोर मचाने पर आरोपी भाग गया। घर पहुंचने पर पुत्री ने घटना के बारे में बताया। उन्होंने फोन कर आरोपी से घटना के बारे में पूछताछ की। इस पर आरोपी ने गलती मानते हुए उनसे माफी मांगी। इसके बाद वह अपने आंगनबाड़ी स्कूल में चली गई थी । छह अक्तूबर को आरोपी ने फोन कर किसी से शिकायत करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी । इसके बाद वह सात अक्तूबर को पुत्री के साथ थाने पहुंचीं और पुलिस से मामले की शिकायत की थी । पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी इंद्रपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था ।
सीओ वरुण मिश्रा ने जानकारी दी कि आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। किशोरी की मौत के बाद अब मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी ।




