गोड्डा
छठ पूजा को लेकर गोड्डा स्टेशन पर यात्रियों की भीड़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। छठ महापर्व में अन्य राज्यों में काम करने लोग अपने घर आ रहे हैं। आस्था के इस महापर्व को हर कोई अपने परिवार के बीच मनाना चाहता है। ऐसे में गोड्डा स्टेशन पर आम दिनों से ज्यादा आवाजाही हो गई है। हर ट्रेन से भरकर यात्री उतर रहे हैं। वही, कई अन्य जगहों के रहने वाले लोग जो गोड्डा में काम करते है वह अपने घर को जा रहे हैं, इसके अलावा कई लोग दीपावली के बाद अपने अपने काम पर वापस लौट रहे हैं। इससे ट्रेन में यात्रियों कि संख्या में एकाएक इजाफा हुआ है। फिलहाल दिल्ली, प्रयागराज आदि से गोड्डा के लिए किसी भी ट्रेन में सीट नहीं है, सबमें वेटिंग चल रहा है। हालांकि लंबी दूरी के लिए रेलवे में महत्वपूर्ण स्टेशन के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई है। बुधवार को गोड्डा स्टेशन से पहली ट्रेन भागलपुर पेसेंजर ट्रेन से भी सुबह काफी लोग गंगा स्नान करने के लिए भागलपुर गए। महापर्व के नहाय खाय तक भागलपुर जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा होगा। गोड्डा रेलवे स्टेशन पर यात्री संख्या रोजाना की तुलना में दोगुनी हो गई है। प्लेटफार्म पर दिन भर यात्रियों की चहल पहल बनी रही। स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों में सीट पाने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। फिलहाल गोड्डा से नई दिल्ली हमसफर साप्ताहिक, गोड्डा दिल्ली एक्सप्रेस, गोड्डा रांची एक्सप्रेस, गोड्डा रांची इंटरसिटी, गोड्डा टाटानगर एक्सप्रेस, गोड्डा पटना राजेंद्र नगर, गोड्डा मुंबई लोकमान्य तिलक, गोमती एक्सप्रेस और सियालदाह के अलावा देवघर, दुमका तथा भागलपुर की ओर भी ट्रेनों का परिचालन हो रहा है। हालांकि अमृत स्टेशन योजना के तहत हुए कार्य कर बाद गोड्डा स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा में इजाफा हुआ है। वेटिंग एरिया, शौचालय, मोबाइल चार्जिंग जैसी मूलभूत सुविधाओ में काफी हद तक इजाफा हुआ है। मालदा मंडल के पीआरओ ने जानकारी दी कि छठ पूजा और अन्य पर्वो को लेकर रेलवे ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रियों की सुरक्षित, सहज और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। विशेष रूप से भागलपुर, जमालपुर, साहिबगंज और मालदा टाउन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भीड़-नियंत्रण एवं यात्री सुविधा हेतु अतिरिक्त व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। गोड्डा स्टेशन पर भी जरूरी सुविधा लागू की गई है। आरपीएफ जवान लगातार निगरानी रख रहे हैं ताकि प्लेटफार्म परिवर्तन के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही यात्रियों को लगातार उद्घोषणाओं के माध्यम से दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं।



