रिवाल्वर तानकर की तोड़फोड़, लूटपाट के बाद की मारपीट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ – हापुड सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरी स्थित आनंद लोक कालोनी में एक युवक के घर में उसके भाई के ससुराल पक्ष के लोग जबरन घुस आए। उन्होंने घर में घुसते ही मौके पर मिले एक युवक की कनपटी पर तमंचा तान दिया और उसके साथ मारपीट की। साथ ही आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करते हुए सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान पीड़ित के भाई की पत्नी घर में रखे आभूषण और 1.20 लाख रुपये भी लूटकर फरार हो गई। इस घटना से भयभीत परिवार ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हापुड नगर कोतवाली के एसएचओ देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि , आनंद लोक न्यू शिवपुरी निवासी मानिक ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके भाई मोहित की पत्नी अंशू घर से अलग रहने का दवाब बनाती है। जिस कारण दोनों के बीच में वैचारिक मतभेद चल रहे हैं। उसकी भाभी के घरवाले भी इस बात को लेकर कई बार ससुराल में आकर विवाद कर चुके हैं। बीती 21 अक्टूबर को वह घर पर मौजूद था। तभी जिला बिजनौर के थाना स्योहारा के सतवाई निवासी भाभी के पिता पूरन सिंह, भाई सुरेंद्र, भाभी के मामा का लड़का कुलदीप और दो अज्ञात व्यक्ति जबरन घर में घुस आए। सभी ने आते ही गाली-गलौच शुरू कर दी। इसी बीच उनकी भाभी अंशू भी मौके पर आ गई और उन्होंने भी अपने मायके पक्ष के लोगों का साथ दिया।
जब पीड़ित ने आरोपियों का विरोध किया तो सभी ने उसके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि भाभी के भाई सुरेंद्र ने अपनी रिवाल्वर निकालकर उस पर तान दी और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर मौके पर उनकी बहन और मां आई तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौच और मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। तोड़फोड़ में कंप्यूटर सिस्टम, कांच की टेबल, कांच का गेट और घर का अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इस बीच उसकी भाभी अंशू घर में रखे सोने चांदी के जेवरात व एक लाख बीस हजार रुपये भी निकालकर जबरन अपने साथ ले गई। इस मारपीट में उसे काफी चोटें आई हैं। इस बात की सूचना पीड़ित ने पुलिस को दी। पुलिस को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


