बरेली

बालाजी बीसी ग्रुप का बड़ा घोटाला

करोड़ों की ठगी, दर्जनों पीड़ित महिलाओं ने सीओ ऑफिस का किया घेराव

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। शहर में कमेटी (बीसी) के नाम पर ठगी का बड़ा खेल सामने आया है। आरोप है कि एक दंपती ने इलाके के दर्जनों लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये ऐंठ लिए और जब किसी ने रकम वापस मांगी तो जान से मारने की धमकी दे डाली। अब तक करीब 70 लोग इस जालसाजी के शिकार हो चुके हैं।
गुरुवार को एक दर्जन से ज्यादा पीड़ित महिलाएं सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव के दफ्तर पहुंचीं और पूरे मामले की शिकायत की। पीड़ितों का आरोप है कि डॉली रानी और उसका पति विजय कुमार नामक दंपती ने पहले राजेंद्र नगर में कपड़ों की दुकान खोली, फिर वहीं से “बालाजी बीसी ग्रुप” के नाम पर कमेटी डालना शुरू किया। दोनों ने लोगों को बड़े मुनाफे और भरोसे की बात कहकर रुपये जमा कराने को तैयार किया। लालच के फेर में आसपास के लोग भी जुड़ गए। किसी ने 10 हजार प्रतिमाह तो किसी ने 30 हजार रुपये तक कमेटी में डालना शुरू किया। आरोप है कि दोनों ने इस तरीके से करीब 70 लोगों से करोड़ों रुपये जमा करा लिए।
राजेंद्र नगर की रहने वाली आशा रानी उर्फ गुड़िया ने बताया कि उन्होंने अपने पति, बेटे और देवर के साथ मिलकर लगभग 19 लाख रुपये इस कमेटी में लगाए थे। लेकिन जैसे ही रकम वापस लेने का समय आया, आरोपी दंपती ने दुकान बंद कर दी और इज्जतनगर के मिथिलेशपुरी स्थित अपने घर में जा बसे। जब परिवार ने पैसे मांगे तो आरोपियों ने साफ कहा हमारे पास तुम्हारा कोई पैसा नहीं है, जो करना है कर लो, ज्यादा बोलोगे तो लाश भी नहीं मिलेगी।
 थाना इज्जतनगर में शिकायत दी, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पीड़ितों ने बताया कि तीन एफआईआर पहले ही दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और अब पीड़ितों को डराने-धमकाने में लगे हैं। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत मिली है, जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी उम्र भर की कमाई इस भरोसे में लगाई थी कि समय आने पर रकम लौटेगी, लेकिन आरोपी दंपती ने सबकी मेहनत की कमाई हड़प ली। अब सभी पीड़ित न्याय और कार्रवाई की आस में दर-दर भटक रहे हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button