बरेली

मुख्य विकास अधिकारी ने सरदार बल्लभ भाई पटेल जी की जयंती की तैयारियों को लेकर की बैठक

जनपद में भव्यता के साथ मनाई जाए पटेल जी की जयंती

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय भावना के प्रबल प्रतीक लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल जी की जयंती के उपलक्ष्य में बरेली में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में आज मुख्य विकास अधिकारी देवयानी की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी देते हुए अवगत कराया गया कि ‘‘सरदार/150 रन फॉर यूनिटी/पदयात्रा‘‘ का कल 31 अक्टूबर को प्रातः 09.00 बजे शुभारम्भ किया जाएगा, यह यात्रा पटेल चौक से प्रारंभ होकर चौकी चौराहा, गांधी उद्यान होते हुए बरेली कॉलेज में समापन होगी।  पदयात्रा के माध्यम से सरदार पटेल की एकता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। पदयात्रा के समापन स्थल बरेली कॉलेज पर मुख्य आयोजन किया जाएगा, जहां स्वदेशी मेले, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता जागरूकता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि का भी आयोजन किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यक्रमों में जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़ सकें।  उन्होंने कहा कि सरदार पटेल जी की जयंती केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता के प्रति संकल्प का दिन है। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु नगर के सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को जयंती कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूर्ण समर्पण और सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, पुलिस अधीक्षक यातायात मो0 अकमल खान, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह, उपायुक्त उद्योग विकास यादव, आरएसओ, जिला सूचना अधिकारी, उप निदेशक माई भारत पुष्पा सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button