
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी के पाभी पुस्ता स्थित कारवां बैंक्वेट हॉल में “ तंवर स्वच्छ पर्यावरण संस्था” द्वारा आयोजित जल विचार गोष्ठी व सम्मान समारोह कुछ यूँ बह गया कि जल पर तो बात हो न पाई, लेकिन व्यवस्थाएँ जरूर डूब गईं।
मुख्य अतिथि रमन गिरी बाबा समय पर पहुँचे, मंच पर गजेन्द्र सिंह ने संचालन का जलप्रवाह जारी रखा — पर दर्शकगण तो मानो बारिश से पहले उड़ते पंछी साबित हुए! सम्मान समारोह जैसे ही शुरू हुआ, कई मान्यवरों ने अपनी शील्ड और दुपट्टा समेटा, और हवा में विलीन हो गए।
कहते हैं, “जल ही जीवन है”, लेकिन यहाँ “सम्मान ही जीवन” निकला।
सादुल्ला बाद के प्रधान प्रेमराज ने तो मंच के सामने आते ही आयोजकों को ज्ञानवर्षा कर दी — बोले, “पहले गोष्ठी होती, तो सम्मान का जल भी ठंडा रहता!” लेकिन तब तक आधे सम्मानित लोग अपने घरों में “सम्मान जल” का छिड़काव कर चुके थे।
आयोजक विनोद तंवर ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हर बूंद पसीना बहाया, पर क्या कीजिए — यहाँ हाजिरी लगाने की कला, समर्पण से ज़्यादा लोकप्रिय थी!
कई मान्यवरों तो नाम पुकारते ही मंच पर पहुंचे और फिर ऐसे गायब हुए मानो किसी ने “जल में विलीन” का लाइव प्रयोग कर दिया हो।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रमेन्द्र जांगड़ा समेत कई बड़े चेहरे मौजूद रहे — कुछ मंच पर, कुछ फोटो में, और कुछ सिर्फ व्हाट्सऐप पोस्ट में।
आख़िर में निचोड़ यही निकला कि —
“जल पर चर्चा हो या कार्यक्रम की व्यवस्था — दोनों को बचाने के लिए चाहिए अनुशासन की नली और सहभागिता का टैंकर।”
कार्यक्रम में जगत सिंह खारी, सेलकराम खारी, प्रमोद गोस्वामी, तेजपाल सिंह विपुल जैन, रियाज अहमद, संतराम राठी, कमलेश राठौर, लोकेश चौधरी, सतपाल प्रधान अरविंद जिन्दड, अशोक गुप्ता,उमेश नागर, मुकेश नागर , बलराज भाटी, संतराम राणा सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक, पर्यावरण विद, ग्राम प्रधान, क्षेत्रीय पत्रकार, सैकड़ों की संख्या में उपस्थित हुए

