गोड्डा
गोड्डा-महागामा मार्ग में चक्का के रहमोकरम पर चल रही जिंदगी
सड़क हादसा में एक व्यक्ति की मौत, नहीं हो पाई शिनाख्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा महागामा मुख्य मार्ग में चक्के के रहमो-करम पर जिंदगी चल रही है। यानी स्पीड पर लगाम नहीं है। वाहन फर्राटेदार स्पीड में दौड़ रही है। जिस पर अंकुश लगाना स्थानीय प्रशासन के बूते से बाहर हो गया है। इस वजह से सड़क दुर्घटना में इजाफा हो गया है। जाहीर सी बात है सड़क पर जिंदगी दांव पर लगी हुई है। लोग असमय काल के गाल में समा रहे हैं। ताजा मामला सिस्टम के सामने है। ग्रामीणों की ओर से बताया जा रहा है कि शाम करीब 7:30 बजे गोड्डा – महागामा मुख्य मार्ग के महादेव बथान चौंक के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक सड़क किनारे पैदल जा रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से टक्कर मार दिया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। अब इस सड़क दुर्घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल इस वजह से कायम हो गया है कि इस मार्ग पर अब पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। क्योंकि सड़क हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत केवल उसके पैदल चलने मात्र से हो गई। ना चार पहिया और ना दो पहिया वाहन पर सवार था। और नहीं कोई गाड़ी चला रहा था। इसके बावजूद अनियंत्रित वाहन के परिचालन ने अज्ञात व्यक्ति को असमय काल के गाल में समां दिया है। दूसरी ओर सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलने के उपरांत महागामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम हेतु महागामा रेफरल अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। इस संबंध में थाना प्रभारी मनोज पॉल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। मामले की जांच जारी है।



