गाजियाबाद
दिल्ली–सहारनपुर हाईवे पर कीचड़ फैलने से कई वाहन चालक दुघर्टना का शिकार
नगरपालिका के कर्मचारियों ने नाला सफाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर डाली गंदगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। दिल्ली–सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 709 बी पर लोनी पुस्ता से पहले का इलाका इन दिनों प्रशासनिक लापरवाही का शिकार बना हुआ है। सड़क पर बिना तारकोल (तरकुल) के काली सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जो जगह-जगह से फिसलन भरी हो चुकी है। राहगीरों को फिसलने का डर सता रहा है, वहीं कई वाहन चालक इस खराब निर्माण के चलते दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं।
इसी बीच नगरपालिका परिषद लोनी की सफाई टीम ने खन्ना नगर कॉलोनी की ओर नाला सफाई के दौरान निकाले गए कीचड़ को सीधे मुख्य हाईवे पर डाल दिया। नाले का यह कीचड़ खन्ना नगर कॉलोनी से लेकर पुस्ता पुलिस चौकी तक फैल गया, जिससे यह फिसलन भरी सड़क और भी खतरनाक बन गई।
जहां पहले सड़क में गड्ढे दिखाई देते थे, अब वहीं पर गंदगी और कीचड़ का अंबार नजर आ रहा है। स्थानीय सत्यवीर सिंह का कहना है कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस स्थिति पर आंखें मूंदे बैठे हैं, जबकि इस कारण भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सेक्युलर इंकलाब पार्टी के प्रमोद गोस्वामी ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द हाईवे की सफाई कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही की मांग की है


