बरेली
सज गया गंगा दशहरा पर चौबारी मेला, लग गए झूले, सज गईं दुकानें
इस बार नए स्वरूप में दिखेंगे रामगंगा के घाट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। गंगा दशहरा पर चौबारी मेला अनूठे अंदाज में नजर आएगा। मेले पर न सिर्फ भगवा छटा बिखरी दिखाई देगी बल्कि मेले पर शताब्दी वर्ष का रंग भी चढ़ा दिखाई देगा। इस बार घाट नए स्वरूप में दिखेगा। मेले में पांच सौ दुकानें सज रही हैं। इस बार चौबारी मेला सौ वर्ष पूर्ण कर रहा है। लिहाजा इसे यादगार बनाने की तैयारी चल रही। पूरे मेले को भगवा झंडी और दुकानों की सजावट भी भगवा रंग के कपड़ों से की जा रही है। इसमें मेले के एक तरफ कार्निवाल का स्वरूप देने की भी कोशिश हो रही है। प्रकाश व सुरक्षा के भी माकूल इंतजाम किए गए हैं। मेला यूं तो शनिवार से ही शुरू हो जाएगा, मगर शनिवार होने की वजह से मेले का विधिवत उद्घाटन रविवार को शाम चार बजे होगा। हवन पूजन के बाद शाम को लगभग छह बजे गंगा घाट पर हिंदू महासभा के पंकज पाठक की ओर से महाआरती की जाएगी। इसके बाद दो हजार दीप घाट पर रोशन किए जाएंगे। चौबारी मेला में दुकानें लगाने के मुद्दे पर कुछ विवाद हो गया था। रास्ते से सिर्फ दुकानों को पीछे हटाने की बात थी। अब सारे विवाद निपट गए है। मेला कमेटी के प्रदीप पांडेय ने बताया कि कुछ गलतफहमियां हो गईं थीं। उसे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकर निपटा दिया गया है। अब कोई विवाद नहीं है।
मेला सब के सहयोग से उत्साह पूर्वक संपन्न होगा। बल्कि इस बार मेले के सौ वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, जिसे यादगार बनाने की कोशिश रहेगी। उनके साथ जय वीर सिंह, श्याम वीर सिंह सहित पूरी कमेटी के लोग मेला संवारने में लगे हैं। उन्होंने बताया कि मेले की तैयारियों व सुरक्षा की दृष्टि से एडीएम (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह व एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने भी जायजा लिया।




