ललितपुर
जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना
मौके से ही फोन पर अधिकारियों को निस्तारणर कर अवगत कराने के दिये निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। नवागत जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने सोमवार को सुबह से ही अपने कार्यालय में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने दूर दराज क्षेत्रों से आये किसान, वृद्ध, गरीबों के प्रति अपनी संवेदनाएं दिखाते हुए उन्हे भरोसा दिया कि उनकी समस्या जल्द ही दूर होगी। इसके लिए उन्होंने अधिकतर शिकायतों में सम्बंधित अधिकारियों को शिकायत व्हाट्सएप पर भेजकर स्वयं फोन कर निर्देशित किया कि वह शिकायतों को गम्भीरता से लें और त्वरित निस्तारण कर मुझे अवगत करायें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों एवं जन-समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध समाधान शसन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान कुछ प्रमुख शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्राम रोड़ा निवासी किसान राधेलाल पुत्र रतनलाल अहिरवार ने ग्राम रोड़ा की सोसायटी पर विपक्षी जगदीश बाबू पर खाद न देने, कालाबाजारी करने और मारपीट करने सम्बंधी शिकायत की, जिसको जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए एआर कॉपरेटिव को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए। इसी प्रकार से अजय प्रताप सिंह बुन्देला पुत्र गजेन्द्र सिंह बुन्देला निवासी ग्राम आलापुर ने फसल बीमा योजना के तहत बैंक द्वारा प्रीमियम की राशि काटने के बाद भी पॉलिसी नम्बर न दिये जाने की शिकायत की, जिस पर उप निदेशक कृषि को कार्यवाही कर अवगत कराने के निर्देश दिये गए। ग्राम नाराहट निवासी शिकायतकर्ता ने उसकी जमीन पर विपक्षियों द्वारा जबरन कब्जा कर मकान का निर्माण कराने की शिकायत की है, जिसके सम्बंध में एसओसी व एसओ नाराहट को संयुक्त टीम के साथ परीक्षण कराकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए। इसके अतिरिक्त बुन्देलखण्ड प्रांत निर्माण के सम्बंध में बुविसे ने ज्ञापन दिया, जिसको जिलाधिकारी ने उच्च स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया। इस दौरान उप जिलाधिकारी भूपेन्द्र सिंह व डीआईओ उपस्थित रहे।



