बेतुल

बैतूल आरोप- नगर परिषद अध्यक्ष ने शासकीय भूमि पर किया पक्का अतिक्रमण, कलेक्टर से शिकायत

पीएम आवास योजना का लाभ लेकर शासकीय भूमि पर कब्जा करने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भैंसदेही ब्लॉक से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां नगर परिषद अध्यक्ष पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की शासकीय भूमि पर अवैध रूप से पक्का अतिक्रमण करते हुए मकान बनाने के आरोप लगे हैं। इस संबंध में आवेदक बंटी सिसोदिया ने मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
सिसोदिया ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि नगर परिषद अध्यक्ष मनीष सोलंकी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेकर शासकीय भूमि पर कब्जा किया और वहां पर मकान का निर्माण कर लिया। यह पूरी तरह नियम विरुद्ध है। इस अवैध निर्माण की जानकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के वर्तमान बीएमओ को भी भलीभांति है, फिर भी निर्माण कार्य के दौरान उन्होंने कोई रोक-टोक या कार्रवाई नहीं की।
आवेदक ने बताया कि अध्यक्ष सोलंकी ने नगर परिषद अध्यक्ष पद पर रहते हुए अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर प्रशासन को दबाव में रखा, जिसके चलते पूरे प्रकरण पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। जबकि पूर्व में इस अवैध निर्माण की शिकायत भैंसदेही अनुविभागीय अधिकारी को लिखित रूप में दी जा चुकी थी।
सिसोदिया के अनुसार, मनीष सोलंकी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दिसंबर 2021 को पहली किश्त की राशि भी शासन द्वारा प्रदान की गई थी। लेकिन अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें यह राशि शासन को लौटाना चाहिए थी, क्योंकि यह लाभ जनप्रतिनिधि पद ग्रहण करने के बाद नियमों के खिलाफ था। उन्होंने राशि वापस नहीं की, जो शासन के नियमों का उल्लंघन एवं दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।
आवेदक बंटी सिसोदिया ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि इस मामले में संपूर्ण जांच कर नियम अनुसार उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही व्यंग्यात्मक रूप से कहा कि यदि प्रशासन अध्यक्ष सोलंकी के विरुद्ध कोई कार्रवाई करने में असमर्थ है, तो उन्हें भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिषद की खाली भूमि पर मकान बनाने की अनुमति और प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभ प्रदान किया जाए।भैंसदेही में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या सत्ता और पद का प्रभाव नियमों से ऊपर है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button