उपायुक्त ने गोवर्धन योजना एवं पाकुड़ ग्रामीण जलापूर्ति योजना का किया स्थलीय निरीक्षण
Deputy Commissioner conducted on-site inspection of Govardhan Yojana and Pakur Rural Water Supply Scheme.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार ने सराईढेला ग्राम स्थित गोवर्धन योजना एवं पाकुड़ ग्रामीण जलापूर्ति योजना का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजनाओं के विभिन्न अवयवों की विस्तृत जानकारी ली तथा अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि गोवर्धन योजना के अंतर्गत निर्मित गोबर गैस प्लांट ग्रामीण आजीविका एवं स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने योजनाओं की बेहतर कार्यान्वयन सुनिश्चित करने हेतु निम्न निर्देश दिए। योजना से संबंधित विस्तृत शिलापट्ट का अधिष्ठापन किया जाए ताकि ग्रामीणों को योजना की सम्पूर्ण जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके।सीसीटीवी कैमरे का अधिष्ठापन कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए, जिससे योजना की निरंतर निगरानी की जा सके। योजना स्थल पर जलापूर्ति के लिए बोरिंग कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। निरंतर बिजली आपूर्ति हेतु विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित किया जाए ताकि प्लांट का संचालन निर्बाध रूप से हो सके। योजना से लाभान्वित सभी 80 घरों में गैस स्टोव की आपूर्ति कर रसोई गैस का सफल उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि गोवर्धन योजना ग्रामीण स्वच्छता एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है। उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।



