खैरथल
झूलेलाल मंदिर में धूमधाम से मनाई गई गुरु नानक देव जी की जयंती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल: आनंद नगर कॉलोनी स्थित झूलेलाल मंदिर परिसर में गुरुवार को प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी का पावन जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन झूलेलाल मंदिर के संरक्षक बाबा शीतल दास लालवानी के सानिध्य में किया गया। इस भव्य आयोजन का नेतृत्व समाजसेवी नारायण दास बालानी, दीपा बालानी एवं बालानी परिवार द्वारा किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र सुखमणि साहिब पाठ और विशेष पूजा-अर्चना से हुई। पाठ साहिब के भोग के उपरांत दोपहर 1 बजे श्रद्धालुओं को भव्य लंगर प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा और भक्ति भाव से भाग लिया। श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेका, झूलेलाल मंदिर में स्थापित संत-महात्माओं की प्रतिमाओं के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में गुरु भक्ति, शांति और आनंद का वातावरण छाया रहा। भजनों और कीर्तन की मधुर ध्वनियों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के पावन उपदेश- “नाम जपो, किरत करो, वंड छको”- को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का संचालन सिंधी समाज एवं बालानी परिवार के सदस्यों द्वारा सुचारू रूप से किया गया। इस दौरान सिंधी समाज के गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने गुरु नानक देव जी के चरणों में नमन किया और समाज में एकता, सेवा व सद्भाव का संदेश दिया। पूरे आयोजन ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं — सेवा, करुणा और समानता — को साकार रूप में प्रस्तुत किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति औरआध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।


