सिंगरौली
महिला सरपंच सड़ी धान लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, मुआवजे की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बुधवार को काम ग्राम पंचायत की महिला सरपंच सुमित्रा देवी अपने खेतों से सड़ी हुई धान की बालियां लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों को फसल का हाल दिखाते हुए मुआवजे की मांग की। जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में कटी हुई धान नमी के कारण सड़ गई है, जबकि खड़ी फसल में अंकुर फूट आए हैं। किसानों का कहना है कि अब थ्रेसर से धान निकालने पर वह भूसे में बदल जाएगा।
कलेक्टर गौरव बेनल ने फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, किसानों का आरोप है कि कई गांवों में अब तक पटवारी सर्वे के लिए नहीं पहुंचे हैं। तहसीलदार जानवी शुक्ला ने महिला सरपंच को खराब फसल देखने के बाद जल्द सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
किसानों की स्थिति इस वक्त बेहद दयनीय है। कर्ज लेकर की गई खेती अब घाटे में बदल चुकी है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मुआवजे की कार्रवाई शुरू नहीं हुई, तो वे गंभीर आर्थिक संकट में फंस जाएंगे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सहायता और न्याय की गुहार लगाई है।



