जालौन

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में आरोपी महिला गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा के डिलीवरी रजिस्टर में बगैर प्रसव कराए कूटरचित प्रविष्टि दर्ज कर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी कराने के मामले में रामपुरा थाना पुलिस ने एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा में लगभग तीन माह पूर्व बिना डिलीवरी कराए डिलीवरी रजिस्टर में फर्जी एंट्री कर जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का मामला सामने आया था। मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी जालौन से की गई थी। शिकायत के आधार पर की गई जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) डॉ. प्रदीप कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर रामपुरा थाने में आशा बहू श्रीमती उमाकांती, स्टाफ नर्स श्रीमती मिथिलेश कुमारी तथा श्रीमती विनीता पुत्री हेतराम निषाद पत्नी रोहित निवासी ग्राम चिमकनी थाना अछल्दा जनपद औरैया के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 115/2025 दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 340(2), 336(3), 338 तथा 318(4) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की थी। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज यादव के पर्यवेक्षण में रामपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला विनीता को रामपुरा-जगम्मनपुर मार्ग पर स्थित मई मोड़ प्रतीक्षालय के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक जगदीश द्विवेदी, कांस्टेबल अजय कुमार, कांस्टेबल विकास कुमार तथा महिला कांस्टेबल लता यादव शामिल रहीं। गिरफ्तार आरोपी महिला को पुलिस ने संबंधित न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button