सांसद राजकुमार सांगवान ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को दिया बागपत खेल महोत्सव का निमंत्रण
रिजिजू बोले — “बागपत की धरती प्रतिभाओं की खान, यहां के खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया”

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत। बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजकुमार सांगवान ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से भेंट कर उन्हें आगामी “सांसद खेल महोत्सव–2025” में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। यह तीन दिवसीय आयोजन 19 से 21 नवम्बर 2025 तक बागपत में होने जा रहा है, जिसमें जिलेभर के युवा, महिला और वरिष्ठ नागरिक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।
सांसद राजकुमार सांगवान ने बताया कि यह महोत्सव पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न, किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि बागपत में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा—
“इस महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करना, महिलाओं को खेलों से जोड़ना और समाज के हर वर्ग में फिटनेस, अनुशासन तथा एकता की भावना को मजबूत करना है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” विज़न से प्रेरित है, जो “स्वस्थ भारत, सशक्त भारत” के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सांसद ने यह भी कहा कि बागपत में खेल संसाधनों की कमी के बावजूद यहां के खिलाड़ी निरंतर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। यदि युवाओं को पर्याप्त सुविधाएं और मार्गदर्शन मिले, तो वे और भी ऊँचाइयाँ हासिल करेंगे।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सांसद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि—
“पश्चिमी उत्तर प्रदेश की यह भूमि हमेशा से प्रतिभाओं की खान रही है। बागपत, मेरठ, और आसपास के क्षेत्रों ने देश को अनेक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं। खेल भावना यहां के लोगों के संस्कारों में बसी है।”
रिजिजू ने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के खेलों के प्रति योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि—
“जयंत जी द्वारा अपनी निधि का उपयोग खिलाड़ियों के लिए किया जाना एक प्रेरक उदाहरण है। यह देश के अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी अनुकरणीय है।”
इसके साथ ही रिजिजू ने सांसद सांगवान को बधाई देते हुए कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए रस्साकसी प्रतियोगिता को शामिल करना एक अद्भुत पहल है, जो खेलों में सभी आयु वर्ग की सहभागिता को प्रोत्साहित करेगी।
सांसद ने कहा कि यह खेल महोत्सव न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच होगा, बल्कि समाज में सद्भाव, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास का संदेश भी देगा। आयोजन की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं और उम्मीद है कि बागपत का यह आयोजन पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक ऐतिहासिक खेल महोत्सव बनेगा।



