SIR–2025 अभियान के तहत मतदाता सूची अद्यतन को लेकर कार्यशाला आयोजित
मतदाता सूची को त्रुटि-मुक्त और अद्यतन रखना ही SIR अभियान का प्रमुख उद्देश्य - गौरव सिंह पारधी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कटंगी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कटंगी विधानसभा के पूर्व और पश्चिम मंडल की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)–2025 कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची के अद्यतन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी गई और यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए। साथ ही, त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को सुधारने और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर प्रशिक्षण भी दिया गया।
*SIR–2025 अभियान लोकतंत्र को और मजबूत बनाने का अवसर – गौरव पारधी*
विधायक गौरव सिंह पारधी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि “हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना भाजपा के संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नए मतदाताओं के पंजीयन में सक्रिय भूमिका निभाएं और जनजागरूकता के माध्यम से मतदान प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास करें। विधायक पारधी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता उसी समय सुनिश्चित होती है जब मतदाता सूची निष्पक्ष और त्रुटि-मुक्त हो। इस दिशा में हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मेष देशमुख, मंडल अध्यक्ष मुकेश चौकसे, सौरभ ठाकरे, संतोष तुरकर, SIR प्रभारी वरुण देशमुख, भोजराज देशमुख, धर्मकला कामराज देशमुख, सुरेन्द्र राहंगडाले, पवन राणा, जुगराज पटले, भागेश्वरी तूरकर, राधेश्याम देशमुख, प्रगति देशमुख, प्रमिला परिहार और प्रियांश राउत सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता का उपस्थित रहे।
कार्यशाला के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने-अपने बूथ पर सूची सुधार और नए नाम जोड़ने का कार्य पूरी तत्परता और पारदर्शिता के साथ पूरा करेंगे, ताकि आगामी चुनाव में हर पात्र मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।




