
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। लोनी थाना क्षेत्र के निठौरा रेलवे लाइन के पास स्थित डंपिंग ग्राउंड में रविवार की सुबह एक जली हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मौके पर मिले प्रारंभिक साक्ष्यों के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है। आशंका है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को डंपिंग ग्राउंड में फेंका गया और सबूत मिटाने के उद्देश्य से कूड़े के ढेर में आग लगा दी गई। आग की लपटों में शव बुरी तरह जल चुका था, जिससे मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के इलाकों के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


