अमरोहा
दहेज हत्या के मामले आरोपी पति गिरफ्तार दहेज हत्या के मामले में वांछित पति गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा। पुलिस अधीक्षक अमरोहा श्री अमित कुमार आनन्द के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रहरा थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक अमरोहा श्री अखिलेश भदौरिया के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी हसनपुर श्री दीप कुमार पंत के निकट पर्यवेक्षण में की गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम खुर्तिया निवासी श्रीमती सूरजमुखी पत्नी स्व. शिवदिनेश ने थाना रहरा में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी आरती की शादी ग्राम ढकिया खादर निवासी अमन पुत्र जबर सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ही अमन और उसके परिजन — विक्की पुत्र करन (चचेरा ससुर), यू अजीत पुत्र करन (चचेरा ससर) और अरुण पुत्र महकार (चचेरा देवर) — दहेज में एक कार की मांग कर रहे थे।
मांग पूरी न होने पर मृतका आरती को लगातार गाली-गलौच, मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। परिजनों के अनुसार, 31 अक्टूबर 2025 को दहेज में कार न लाने के कारण आरती की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में थाना रहरा पुलिस ने मुकदमा संख्या 198/2025 धारा 85, 115(2), 352, 351(2), 180(2) बीएनएस व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक के अभियान के तहत टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 नवंबर 2025 को मुख्य आरोपी अमन पुत्र जबर सिंह को ग्राम ढकिया खादर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई पूर्ण कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
थाना प्रभारी रहरा ने बताया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर कठोर कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक ने भी टीम की इस तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कोई भी आरोपी कानून से नहीं बच पाएगा।


