बरेली
कवियों ने गुदगुदाया, हंसाया तो भावविह्वल भी किया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था “साहित्य सुरभि” की नियमित मासिक काव्य गोष्ठी संस्था के महासचिव डॉक्टर राजेश शर्मा ‘ककरेली’ के आवास पर आयोजित की गई। काव्य गोष्ठी का संयोजकत्व नोएडा से आए वरिष्ठ कवि अनिरुद्ध शर्मा ‘अनु’ ने बखूबी संभाला। उन्हें संस्था की ओर से शॉल उढ़ाकर उनकी सुदीर्घ साहित्यिक सेवाओं के लिए सम्मानित भी किया गया। काव्य गोष्ठी वरिष्ठ साहित्यकार रणधीर प्रसाद गौड़ ‘धीर’ की अध्यक्षता, गीतकार कमल सक्सेना के मुख्य आतिथ्य और हिमांशु श्रोत्रिय ‘निष्पक्ष’ एवं अनिरुद्ध शर्मा ‘अनु’ के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुई। सभी वाणीपुत्रों ने मां सरस्वती के श्रीचरणों में अपनी सारगर्भित रचनाओं को समर्पित किया। गोष्ठी में 21 कवियों के साथ ही 10 कविता प्रेमी सुधी श्रोताओं ने भी सहभागिता की और कविताओं का आनंद लेकर अपनी साहित्यिक अभिरुचि प्रदर्शित की। इससे पूर्व वरिष्ठ कवयित्री शिवरक्षा पांडे ने सरस्वती वंदना कर भक्तिभावना के पवित्र प्रसून अर्पित किए।



