बेतुल
बैतूल शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेशभर में लगेंगे शिविर
अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश

मंत्री उदय प्रताप सिंह ने शिक्षक संघों से की चर्चा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। प्रदेश के शासकीय शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए संभाग, जिला और विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में संबंधित अधिकारी त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे और राज्य स्तर पर उनकी समीक्षा भी की जाएगी।
आजाद अध्यापक शिक्षक संघ जिला बैतूल के जिला अध्यक्ष विनय सिंह राठौड़ ने बताया कि मंत्री उदय प्रताप सिंह ने मंत्रालय में विभिन्न शिक्षक संघों के पदाधिकारियों से चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शासकीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में वर्तमान में लगभग 4 लाख शिक्षक कार्यरत हैं, जिनमें अतिथि शिक्षक भी शामिल हैं।
मंत्री सिंह ने स्पष्ट किया कि दिवंगत शिक्षकों के परिवारजनों को अनुकम्पा नियुक्ति देने के प्रकरणों में अब विभागीय स्तर पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी। नियुक्ति के समय डीएड और बीएड जैसी योग्यता की शर्तों को लेकर भी संतोषजनक समाधान खोजा जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निचले स्तर के शिक्षकों को शामिल करते हुए उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें शिक्षक संघों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में शिक्षकों को चतुर्थ समयमान और क्रमोन्नत वेतनमान देने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष भरत पटेल, जिला अध्यक्ष विनय सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष कैलाश धाकड़, दर्शन ओड, राधेश्याम राजपूत सहित संघ के अन्य प्रांत एवं जिला स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने शिक्षकों के कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव भी मंत्री के समक्ष रखे।



