सिंगरौली
80 वर्षीय बीमार महिला को एक किलोमीटर खाट पर ढोकर ले गए परिजन, वीडियो हुआ वायरल
सिंगरौली में स्वास्थ्य व्यवस्था और सड़क नेटवर्क की फिर खुली पोल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । जिले के देवसर विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें 80 वर्षीय बिथुनी शाहू को खाट पर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना लगभग एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है, लेकिन अब इसने प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाहियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चुरवाही निवासी वृद्धा बिथुनी शाहू अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गई थीं। परिवार के सदस्यों ने तुरंत डायल-100 के माध्यम से एम्बुलेंस बुलाने का प्रयास किया। परिजनों का आरोप है कि एम्बुलेंस करीब दो घंटे की देरी से पहुंची, जबकि इसी बीच मरीज की स्थिति गंभीर होती जा रही थी। मजबूरी में परिवारजन वृद्धा को खाट पर उठाकर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर की ओर रवाना हुए।
वृद्ध महिला के पुत्र प्रदीप शाह ने बताया कि उन्हें अपनी मां को लगभग एक किलोमीटर तक खाट पर ले जाना पड़ा, क्योंकि उनके घर से मुख्य सड़क तक केवल एक संकरा पगडंडी मार्ग है, जिस पर कोई वाहन नहीं पहुंच सकता। मुख्य मार्ग तक पहुंचने के बाद, उन्होंने निजी वाहन की मदद से वृद्धा को जिला अस्पताल पहुंचाया।
यह घटना न सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों में एम्बुलेंस सेवाओं की दयनीय स्थिति को उजागर करती है, बल्कि सिंगरौली जिले में सड़क और स्वास्थ्य ढांचे की खामियों पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न लगाती है। ग्रामीणों के अनुसार, गांवों में अब भी कई जगहों पर सड़कें न होने से मरीजों और गर्भवती महिलाओं को खाट, चारपाई या टट्टू पर ले जाने जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ता है। फिलहाल राहत की बात यह है कि वृद्धा का जिला चिकित्सालय में उपचार किया गया और अब वह स्वस्थ होकर घर लौट चुकी हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है। कि संवेदनशील गांवों में सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि भविष्य में किसी भी मरीज या परिवार को ऐसी यातनापूर्ण परिस्थिति का सामना न करना पड़े।



