मथुरा
शिल्पा शेट्टी ने किए बांकेबिहारी के दर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। वृंदावन के ठा. श्रीबांकेबिहारी महाराज के दरबार में सुबह मशहूर गीतकार शंकर साहनी और शाम को अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने हाजिरी लगाई। दोनों ही कलाकारों ने ठाकुरजी को अंगवस्त्र और फूल-प्रसादी भेंट की। दो महीने के अंतराल में आज दूसरी बार आईं शिल्पा शेट्टी ने इत्र सेवा भी की। सनातन एकता पदयात्रा में शामिल होने आईं अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी शुक्रवार शाम को ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन को पहुंची। उनके मंदिर में आने की सूचना पर मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा के लिहाज से सभी इंतजाम कर दिए थे। काफी समय पहले हटाए गए वीआईपी कटघरे को मंदिर में दोबारा लगाया गया। सीओ सदर संदीप सिंह के साथ दर्शन करने पहुंची अभिनेत्री ने ठाकुरजी से प्रार्थना की और इत्र सेवा की। सेवायत ने उन्हें प्रसादी पटुका भेंट की। ऋतेश्वर महाराज से अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इससे पूर्व सुबह गीतकार शंकर साहनी ने भी बांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर ठाकुर जी के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ सीओ सदर संजीव कुमार सिंह और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।



