ललितपुर
नाफिस ऐप पर दर्ज होगा अपराधियों का फिंगर प्रिंट डाटा
लम्बित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण करें अधिकारी : एसपी

गूगल मीटिंग कर एसपी ने अधीनस्थों को दिये निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने गूगल मीट के जरिए जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना व चौकी प्रभारियों के साथ गूगल मीटिंग कर दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई व शत-प्रतिशत संतुष्ट फीडबैक पर विशेष जोर दिया गया। गूगल मीट में एसपी आईजीआरएस की नियमित समीक्षा, जनपद में सर्किल/थानों पर लम्बित आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा कर उनके उचित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा शत-प्रतिशत प्रकरणों का अनिवार्य रुप से फीड़बैक लेने हेतु निर्देशित किया। जनपद के समस्त सर्किल/थानों पर लम्बित विवेचनाओं की समीक्षा कर विवेचनाओं के निस्तारण हेतु सभी को निर्देशित किया। चोरी, लूट, नकबजनी, टप्पेबाजी से सम्बन्धित अपराधियों का सम्पूर्ण विवरण त्रिनेत्र एप में अध्यवाधिक करने हेतु निर्देशित किया। अपराधियों के फिंगर प्रिन्ट का विवरण नाफिस एप में अपलोड करने हेतु सम्बन्धित थाना प्रभारी को निर्देशित किया। जिले में अवैध शराब निर्माण व बिक्री के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया, जिससे किसी भी दशा में अवैध शराब व अवैध मादक पदार्थों की बिक्री न हो। यातायात अभियान माह-नवम्बर के दृष्टिगत दोपहिया, चारपहिया व बड़े वाहनों की दृष्टिकोण से प्रभावी रुप से चैकिंग कर उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया है। विभिन्न प्रकरणों में वांछित, इनामियां बदमाशों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाकर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया।



