धनबाद

बोकारो एयरपोर्ट क्षेत्र को अतिक्रमण से बचाने का अभियान हुआ शुरू

Campaign launched to save Bokaro airport area from encroachment

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

बोकारो। एक बार फिर बोकारो हवाई अड्डे को शुरू करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। बी एस एल और जिला प्रशासन अपने – अपने हिस्से के कार्य करता दिख रहा है। अतिक्रमणकारियों से एयरपोर्ट क्षेत्र को बचाने के साथ ही हवाई अड्डे के अन्दर वे सारे कार्य जो अब तक न हो पाए हैं, उन्हें करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके बाद भी बीएसएल प्रबंधन और  जिला प्रशासन, इसके विधिवत शुरू होने की तारीख को घोषित करने से बच रहा है। उपयुक्त बोकारो के पद पर अजय नाथ झा ने 27 मई 2025 को योगदान दिया था। उसके बाद उन्होंने 05 नवम्बर 2025 से इस हवाई अड्डे से यात्री उड़ान शुरू होने की घोषणा की थी। 05 नवंबर के बाद मीडिया द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने यह कहा कि जल्द शुरू होगा लेकिन कब यह उन्होंने नहीं बताया। इसके बाद हवाई अड्डे की चहारदीवारी के पश्चिम और दक्षिण हिस्से के अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। साथ ही धुंधलीबाद के मीट के दुकानों को भी बंद करने का आदेश  दिया गया है। बीएसएल प्रबंधन चहारदीवारी के साथ सटे अतिक्रमण के हटने के बाद अब उस क्षेत्र को कटीले तारों से घेर रहा है ताकि फिर से वह अतिक्रमित न हो जाए। इन अतिक्रमणकारियों को वर्षों पहले भी प्रबंधन द्वारा अभियान चलाकर हटाया गया था लेकिन उन्होंने पुनः कब्जा कर लिया था। अब सीमेंट के खंभों और कटीले तारों का घेरा डाल कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यह क्षेत्र अब फिर से अतिक्रमण का #शिकार न हो। वहीं उपायुक्त अजय नाथ झा ने 17 नवंबर को हवाई अड्डा परिसर में एक बैठक कर अनेक कार्यों को 15 दिसम्बर तक पूरा करने का निर्देश दिया। परिसर के अंदर मौजूद झाड़ियों का कटाव और अन्य साफ – सफाई, अग्निशमन सेवा से जुड़ी सभी व्यवस्था को पूर्ण करने और नियमित टेस्टिंग तथा निरीक्षण का आदेश दिया। साथ ही सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि 04 बेड वाले एंबुलेंस के खरीददारी की सभी प्रक्रिया भी 15 दिसंबर तक पूरी की जाए। इसके अतिरिक्त एलोरा अस्पताल में अब तक जो अवैध कब्जा है, उसे भी खाली कराने का निर्देश दिया। हवाई अड्डे पर हुई इस बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी, रांची के डी जी एम मनोज सिंह, निदेशक बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची विनोद कुमार, प्रशिक्षु वन प्रमंडल पदाधिकारी, संदीप शिंदे, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी, चास सुश्री प्रांजल ढांडा, आईबी के प्रतिनिधि, बीएसएल के अधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सिटी डीएसपी आलोक रंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। देखना यह है कि हवाई अड्डे के निर्माण की प्रक्रिया जो कई वर्षों पहले शुरू हुई थी, उसके पूर्ण होने की घोषणा #प्रबन्धन और प्रशासन कब करता है ?

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button