भरत पुर
विधान सभा में बयाना विधायक ने उठाया अवैध शराब का मुद्दा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। भरतपुर जिले में बयाना की निर्दलीय विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने गुरुवार को विधानसभा में रूपवास उपखंड के गांव जरेला की 15 दलित महिलाओं की गिरफ्तारी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध शराब की बिक्री का विरोध करने पर पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। विधायक ने सदन में कहा कि बयाना विधानसभा क्षेत्र के गांव जरेला में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री हो रही है। जब गांव की महिलाओं ने इस अवैध कारोबार का विरोध करते हुए शराब बिक्री रोकने का प्रयास किया तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 दलित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। डॉ. बनावत ने आरोप लगाया कि रूपवास उपखंड के कई गांवों में आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन की कथित मिलीभगत से अवैध शराब की ओवररेट और देर रात तक बिक्री हो रही है। इससे गांवों में पारिवारिक विवाद और झगड़े बढ़ रहे हैं, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जब महिलाएं अवैध शराब के खिलाफ आवाज उठाती हैं तो शराब ठेकेदारों द्वारा उन्हें कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया जाता है और पुलिस की कथित मिलीभगत से उनके खिलाफ मामले दर्ज कर दिए जाते हैं। विधायक ने इस बात पर दुख जताया कि होली जैसे पवित्र त्योहार के दौरान 15 दलित महिलाएं जेल में रहने को मजबूर रहीं, जिसे उन्होंने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि वह जिले की महिलाओं की आवाज को दबने नहीं देंगी। डॉ. बनावत ने राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं गृह राज्य मंत्री से सवाल करते हुए प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने और निर्दोष महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई बंद करने की मांग की।



