
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा/रहरा थाना रहरा पुलिस ने मंगलवार देर शाम अवैध शराब के कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लीटर कच्ची शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ़्तार कर अभियान को नई धार दे दी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमरोहा अमित कुमार आनंद के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हसनपुर सर्किल पंकज कुमार त्यागी और थानाध्यक्ष रहरा अतवीर सिंह चौहान की निगरानी में थाना रहरा पुलिस की टीम ने ग्राम जामनो वाली मढ़ैया निवासी राजेश पुत्र छतरपाल को दबिश देकर हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक की जरीकेन में भरी 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक इलाके में अवैध शराब की बिक्री की लगातार सूचना मिल रही थी, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर निगरानी बढ़ाई गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी राजेश जरीकेन लेकर संदिग्ध स्थिति में दिखा। पुलिस द्वारा रोके जाने पर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम की सतर्कता से मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई की सराहना की है, क्योंकि अवैध कच्ची शराब के कारण न केवल राजस्व की हानि होती है बल्कि इससे लोगों की जान तक जोखिम में पड़ती है। पुलिस का यह कदम क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



