ललितपुर
मोहल्ला जुगपुरा में सड़क व नाली निर्माण की मांग
मां अहिल्याबाई इण्टर कॉलेज के पीछे रहने वाले एक सैकड़ा परिवार परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मोहल्लेवासियों ने नाली व सड़क निर्माण के लिए डीएम व नपाध्यक्ष को भेजा ज्ञापन
ललितपुर। शहर के वार्ड संख्या 8 मोहल्ला जुगपुरा में आवागमन के लिए सुगम मार्ग न होने और बोर्ड बैठक में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा के नेतृत्व में सड़क निर्माण का प्रस्ताव पास होने के बावजूद भी सड़क निर्माण न होने से लोगों को आवागमन के लिए भारी मुसीबतें उठानी पड़ रहीं हैं। इस सम्बन्ध में मोहल्ला जुगपुरा में रहने वाले करीब एक सैकड़ा परिवारों ने जिलाधिकारी सत्य प्रकाश व नपाध्यक्ष सोनाली जैन को एक ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में मोहल्लेवासियों ने आवागमन को सुगम बनाने के लिए सीसी रोड, नालियां और हालिया तौर पर मौरंग डलवाये जाने की मांग उठायी है।
ज्ञापन में जुगपुरा के लोगों ने डीएम व नपाध्यक्ष को अवगत कराया है कि अगस्त माह में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद की सम्पन्न हुयी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव संख्या 1145 में 26 लाख 34 हजार रुपये की सड़क मोहल्ला जुगपुरा में का प्रस्ताव पारित किया गया था। इस प्रस्ताव के उपरान्त कार्यवाही नहीं हो सकी। इसके बाद नगर पालिका के उप चुनाव की अधिसूचना जारी हो गयी थी। लेकिन चुनाव सम्पन्न होने के बाद आज तक यहां निर्माण कार्य नहीं किया गया है। बताया कि मां अहिल्याबाई इण्टर कॉलेज के पीछे करीब एक सैकड़ा से अधिक परिवार निवासरत हैं। यहां अधिकांश प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भवन निर्माण हैं और अधिकांश लोग नगर पालिका को गृहकर भी अदा कर रहे हैं। यहां तक पहुंच मार्ग बहुत ही उबड़-खाबड़ हो जाने के कारण पैदल निकलना भी दूभर हो रहा है। बताया कि वर्तमान समय में रास्ता खराब है, लेकिन बारिश के मौसम में यह और भी खराब हो जाता है। यहां पानी की निकासी न होने के कारण आज भी नालियों का गन्दा पानी कच्ची सड़कों पर भरा हुआ है, जिससे भारी-भरकम गड्ढे हैं, जिससे पैदल निकलना भी दूभर है। मोहल्लेवासियों ने मौके पर जल्द ही सड़क व नाली निर्माण कराये जाने की मांग उठायी है। ज्ञापन देते समय जितेन्द्र कुमार, अंशुल, रचना देवी, प्रदीप राजपूत, कलावती, पवन, मानू, अभय, वैदान, दीपक कुमार, आकाश, अजय सिंह, प्रतिज्ञा, आशाराम, अजय सिंह, अमित, शंकरलाल, जसवंत सिंह, मुन्नालाल, श्रीराम, सुरेश, रामबाबू मिश्रा, अजय, थोवन, गुडडी पाल, सुनीता, अनिल कुमार, जगदीश, महीप सिंह, सोनल, शंकरलाल, पवन कुमार, पर्वत, सुरेन्द्र विश्वकर्मा के अलावा अनेकों मोहल्लेवासी मौजूद रहे।



