बेतुल
बैतूल श्रम सुधारों से बदलेगा देश का श्रमिक परिदृश्य: बीएमएस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्रम मंत्री मनसुखलाल मंडाविया का जताया आभार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भारतीय मजदूर संघ ने केंद्र सरकार द्वारा लंबे समय से प्रतीक्षित चारों श्रम संहिताओं को लागू किए जाने के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुखलाल मंडाविया के प्रति आभार व्यक्त किया है। बैतूल जिला मंत्री पंजाबराव गायकवाड का कहना है कि ये श्रम संहिताए देश के करोड़ों श्रमिकों को गरिमा, सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव साबित होंगी।
गायकवाड ने बताया बीएमएस के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुखलाल मंडाविया से भेंट कर श्रम से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत मांग पत्र सौंपा। इस मांग पत्र में श्रम संहिताओं से संबंधित कुछ प्रमुख चिंताओं को भी शामिल किया गया। श्रम मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि भारतीय मजदूर संघ द्वारा उठाई गई सभी वास्तविक चिंताओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यक होने पर संसद में संशोधन सहित उचित कदम उठाए जाएंगे। बीएमएस ने श्रम मंत्री के सकारात्मक, संवेदनशील और रचनात्मक दृष्टिकोण के लिए विशेष धन्यवाद दिया है। बीएमएस का कहना है कि चारों श्रम संहिताए श्रम बाज़ार की बदलती परिस्थितियों और नई वास्तविकताओं के अनुरूप तैयार की गई हैं। भारतीय मजदूर संघ के पूर्व प्रदेश महामंत्री मधुकर साबले, विभाग प्रमुख विनय डोंगरे, प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेश मंसूरिया, महेंद्र सिंह ठाकुर, संपत दरवाई सहित भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं ने करोड़ों कामगारों मजदूर भाई बहनो को बधाई दी।



