गाजियाबाद

लोनी में रातों रात चल रहा है जहरीला धंधा 

धातु निकालने के लिए केबल जलाने से बढ़ा प्रदूषण, दिक्कतों से परेशान लोग 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी तहसील क्षेत्र के कई थाना और चौकी क्षेत्रों—विशेषकर बेहटा हाजीपुर की कालोनियों, नहर रोड, चिरौड़ी पुलिस चौकी के पास, अंकुर बिहार की कच्ची कालोनी, खानपुर जप्ती गांव के जंगल और पंचायरा गांव—में रात के समय बड़े पैमाने पर खराब केबल और तार जलाकर धातु निकालने का अवैध धंधा तेजी से फल-फूल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस प्रशासन की उदासीनता और संरक्षण के चलते यह काम बिना किसी रोक-टोक के धड़ल्ले से जारी है।
रात के अंधेरे में खुले मैदानों और जंगलों में जलाए जा रहे इन तारों से उठने वाला गाढ़ा, काला और जहरीला धुआं आसपास की बस्तियों में फैल जाता है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन, खांसी, और सीने में भारीपन जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र पहले से ही ‘ग्रैप’ (Graded Response Action Plan) की पाबंदियों की चपेट में है, बावजूद इसके प्रदूषण रोकथाम को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की ओर से किसी भी तरह की संजीदगी दिखाई नहीं दे रही।
तार जलाने से फैलने वाले कुप्रभाव
विशेषज्ञों के अनुसार पॉलीथिन, रबर और इन्सुलेशन वाली तारों को जलाने पर कई प्रकार के जहरीले रसायन व गैसें वातावरण में फैलते हैं, जैसे—
डाइऑक्सिन और फुरान: अत्यधिक विषैले, कैंसर पैदा करने वाले तत्व
कार्बन मोनोऑक्साइड: सांस लेने में कठिनाई और अचानक बेहोशी का कारण
सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड: दमा, एलर्जी और फेफड़ों की बीमारियों को बढ़ाने वाले
सूक्ष्म कण (PM 2.5 और PM 10): दिल और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ाते हैं
इन धातुओं के धुएं से बच्चे, वृद्ध, और दमा के मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कई स्थानीय निवासियों ने बताया कि रात में बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है, और घरों के अंदर तक धुएं की गंध घुस जाती है।
प्रशासन में उदासीनता से लोगों में रोष
स्थानीय लोगों ने कई बार पुलिस को रात में तार जलाने की शिकायत की, लेकिन कार्रवाई के नाम पर “देखेंगे” कहने के अलावा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यही कारण है कि लोगों का पुलिस और प्रशासन पर से भरोसा उठता जा रहा है।
ग्रैप लागू होने के बावजूद प्रदूषण फैलाने वाली यह गतिविधि खुलेआम जारी है, जो प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय निवासियों की मांग है कि—
रात में पुलिस की गश्त बढ़े
तार जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो
शिकायत वाले क्षेत्र और खाली जगहों पर निगरानी के लिए एस पी ओ लगाए जाएं
नगर पालिका और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इस अवैध गतिविधि पर तत्काल रोक लगाएं
यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो प्रदूषण का स्तर और बढ़ेगा तथा स्वास्थ्य संबंधी खतरे और गहरे हो सकते हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button