Uncategorized

दालमंडी वालों को दाल की तरह दले नहीं… 

अखिलेश यादव का भाजपा पर तंज, बोले- सब दर्ज किया जा रहा

वाराणसी। वाराणसी के दालमंडी चौड़ीकरण के लिए चल रही कार्रवाई को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दालमंडी में सियासी बुलडोजर चल रहा है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर तीखे शब्दों में हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में मेट्रो से लेकर तमाम बड़े विकास कार्य सपा की देन हैं, जबकि बीजेपी ने वाराणसी का विकास जानबूझकर रोक दिया।
पॉलिटिकल डिमोलिशन का आरोप -दालमंडी इलाके में चल रहे चौड़ीकरण और तोड़फोड़ को अखिलेश ने पॉलिटिकल डिमोलिशन करार दिया। उनका कहना था कि यह योजना इतिहास और धरोहर बचाने के नाम पर नहीं, बल्कि संकीर्ण सियासत की साजिश है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो कुछ हो रहा है, सब दर्ज किया जा रहा है।
मेट्रो और नदी पर सवाल
अखिलेश ने दावा किया कि यूपी में आज जो भी मेट्रो ट्रेनें चल रही हैं, उनकी नींव समाजवादी सरकार ने रखी थी। वाराणसी में भी मेट्रो का डीपीआर उनकी ही सरकार ने तैयार किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने न तो वरुणा नदी को साफ होने दिया और न ही रिवर फ्रंट बनने दिया।
सपा प्रमुख ने दालमंडी के व्यापारियों और निवासियों के पक्ष में खड़े होकर कहा कि उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दालमंडी वालों को दाल की तरह दले नहीं। अखिलेश ने मांग की कि डिमोलिशन की कार्रवाई तुरंत रोकी जाए।
जीविका छीनने का अधिकार किसे? – अखिलेश ने भाजपा सरकार की नीति को लोगों को भयभीत कर कारोबार रोकने की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि किसी की जीविका छीनने का अधिकार सरकार को किसने दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button