बेतुल
बैतूल एसआईआर की कार्यशाला में 250 विद्यार्थियों ने सीखी वोटर आईडी प्रक्रिया
आठनेर के शासकीय महाविद्यालय में नए मतदाताओं को किया जागरूक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शासकीय महाविद्यालय आठनेर में मतदाता सूची के विशेष गहण पुनरीक्षण पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें 250 से अधिक विद्यार्थियों ने नई मतदाता प्रक्रिया, एसआईआर फॉर्म भरने की तकनीक और वोटर आईडी के महत्व को समझा। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने स्पष्ट कहा जो युवा एसआईआर फॉर्म नहीं भरेंगे, उनके नाम मतदाता सूची से कट सकते हैं।
प्राचार्य डॉ सरोज पाटिल के संरक्षण में आयोजित इस कार्यशाला में स्वीप के पूर्व जिला सहायक नोडल अधिकारी एवं पूर्व प्राध्यापक डॉ सुखदेव डोंगरे तथा पूर्व प्राचार्य संपतराव कापसे ने विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी।
महाविद्यालय के विशेषकर 18 वर्ष पूर्ण करने जा रहे छात्रों को एसआईआर फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नए मतदाताओं के लिए वोटर आईडी बनवाना और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना क्यों आवश्यक है।
डॉ सुखदेव डोंगरे ने कहा कि भारत का संविधान हमें लोकतंत्र देता है और चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से ही केंद्र एवं राज्य सरकारों का गठन होता है। प्रत्येक भारतीय को वोट का अधिकार मिला है, इसलिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, विवरण में सुधार कराना और मतदाता परिचय पत्र बनवाना अत्यंत जरूरी है।
पूर्व प्राचार्य संपतराव कापसे ने कहा कि यदि लोकतंत्र को मजबूत रखना है तो प्रत्येक मतदाता को मतदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति एसआईआर फॉर्म नहीं भरेगा, उसका नाम वोटर लिस्ट से हट सकता है, इसलिए समय पर फॉर्म भरना आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ साधना ठाकुर ने किया। स्वागत भाषण डॉ वर्जीनिया दवंडे द्वारा दिया गया तथा आभार व्यक्त डॉ दीपक कौशल ने किया।




