अमरोहा
पांच हरे भरे आम के पेड़ कटे, वन विभाग ने लकड़ी की जप्त।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में पांच हरे आम के पेड़ काट दिए गए। यह घटना शनिवार देर रात अमरोहा मार्ग पर स्थित विद्या मंदिर के पीछे एक बाग में हुई। वन विभाग ने मौके से काटी गई लकड़ी को कब्जे में ले लिया है और मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग के कुछ अधिकारियों और लकड़ी माफिया के बीच कथित मिलीभगत के कारण अवैध कटान की घटनाएं बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि एक ही स्थान पर लंबे समय से तैनात अधिकारियों के चलते लकड़ी माफिया सक्रिय हो गए हैं और रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई कर रहे हैं।एक माह पहले आगापुर में भी इसी तरह पेड़ों का कटान हुआ था, लेकिन उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इससे अवैध लकड़ी कारोबारियों को और बढ़ावा मिला है।
वन रेंजर नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें पांच हरे आम के पेड़ काटे जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने पुष्टि की कि वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई थी और काटी गई लकड़ी को जब्त कर लिया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से उन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है जो इस अवैध कटान को कथित तौर पर बढ़ावा दे रहे हैं।




