अमेठी

समाजसेवियों ने बालिकाओं को चुनरी पहनाकर फल-मिष्ठान किया वितरित।

दिव्यांग बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

 

अमेठी। नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित मिशन शक्ति 5.0 अभियान का शुभारंभ शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा किया गया है। अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी संजय चौहान एवं मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल के निर्देशन में जनपद में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज तिलोई के फूला स्थित जीवन पथ दिव्यांग विद्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र पर महिला कल्याण विभाग द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर समाजसेवी नीरज पांडेय ने बच्चों को तिलक, रोली, चंदन एवं चुनरी पहनाकर फल-मिष्ठान का वितरण किया। साथ ही स्वच्छता के दृष्टिकोण से बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग छात्र-छात्राओं लक्ष्मी, शिल्पी, प्रदीप और राजकुमार ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक गायत्री देवी ने बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेतु महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं एंबुलेंस सेवा 108 की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, उन्हें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना तथा निराश्रित महिला पेंशन योजना जैसी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर दिनेश कुमार तिवारी सीडब्ल्यूसी, दिलीप कुमार पांडेय समाजसेवी, पूनम तिवारी समाजसेवी, नीरज पांडेय सचिव, अमेठी महिला स्वैच्छिक सेवा समिति, संतोष श्रीवास्तव प्रबंधक, सहारा जीवन चैरिटेबल ट्रस्ट, डॉ. प्रदीप त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन केंद्र संचालक चंद्रशेखर शुक्ला ने किया और सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button