बागपत

कौशल भारत, कुशल भारत: अब बागपत के युवा सीखेंगे आधुनिक स्किल्स

दोहरी सौग़ात से बढ़ी रफ़्तार: बड़ौत से दो नई MEMU ट्रेनों का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

बागपत :  भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि बागपत को आज कनेक्टिविटी और कौशल विकास की दो ऐतिहासिक सौग़ातें मिलीं। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने बागपत आगमन पर स्किल इंडिया सेंटर का उद्घाटन किया और बड़ौत रेलवे स्टेशन से दो नई MEMU ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई।

बड़ौत स्थित चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल में स्थापित स्किल इंडिया सेंटर, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और एनएसडीसी द्वारा रेडिंग्टन फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग से तैयार किया गया है। यहां युवा मोबाइल रिपेयरिंग, कंप्यूटर ट्रेनिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग, वेबसाइट डेवलपमेंट, डिजिटल मार्केटिंग सहित अनेक आधुनिक कोर्स करके प्रमाणित कौशल हासिल कर सकेंगे, जिससे रोजगार और उद्यम—दोनों के अवसर बढ़ेंगे। इस दौरान पूर्व सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह व ट्रस्ट प्रतिनिधि डॉ. मनीष तोमर सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।

वहीं बड़ौत रेलवे स्टेशन पर दिल्ली–शामली रूट की दो नई MEMU ट्रेनों (64033/34 और 64035/36) का शुभारंभ किया गया। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और बेहतर वेंटिलेशन के लिए बड़ी खिड़कियाँ लगाई गई हैं। कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, पूर्व सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह, राज्यमंत्री कृष्ण पाल मालिक, विधायक डॉ. अजय कुमार, एमएलसी मोहित बेनीवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

जनसभा को संबोधित करते हुए अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली–शामली रूट के दोहरीकरण की औपचारिक घोषणा की और बताया कि कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिसे तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। गोठरा व अलावलपुर इदरीशपुर में नए क्रॉसिंग स्टेशन तथा हिंद व ननौता में लूप लाइन स्वीकृत की गई है। शामली स्टेशन ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत आधुनिक रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि यूपी में रेलवे निवेश 1,000 करोड़ से बढ़कर लगभग 20,000 करोड़ रुपये वार्षिक हो गया है और राज्य में 100% रेल विद्युतीकरण सम्पन्न हो चुका है।

केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि नई ट्रेन सेवाओं और कौशल विकास केंद्र से युवाओं, महिलाओं, किसानों, छात्रों व आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। बागपत का युवा भावनात्मक, जज्बाती और प्रतिबद्ध है—और अवसर मिलने पर असंभव को भी संभव कर दिखाता है।

सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने बागपत के विकास कार्यों को गति देने के लिए दोनों केंद्रीय मंत्रियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इन सुविधाओं से रोजगार, व्यापार, शिक्षा एवं यात्रा—सभी क्षेत्रों में नई संभावनाएँ जन्म लेंगी।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button