कामरूप जिले की विकास समिति की बैठक संपन्न।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के कामरूप जिले की नवंबर माह की विकास समिति की बैठक मंगलवार को जिला आयुक्त देव कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में कामरूप जिला के अमिनगांव स्थित एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग के प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अमृत सरोवर, महात्मा गांधी एनआरईजीए, एनएसएपी, कृषि विभाग की पीएम-किसान, पीएमएफबीवाई, एनएफएसए, आरकेवीवाई, लोक निर्माण विभाग, मत्स्य, उद्योग एवं वाणिज्य, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा, एपीडीसीएल, शिक्षा, समाज कल्याण, जनस्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की जल जीवन मिशन, भूमि संरक्षण आदि विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला आयुक्त देव कुमार मिश्रा ने बैठक के दौरान सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की विकास योजनाओं एवं परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से कार्यान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को यह भी स्पष्ट किया कि कार्यों को तात्कालिक रूप से पूरा किया जाए ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। आयुक्त ने विशेष रूप से “अरुणोदय योजना” के डिजिटलीकरण प्रक्रिया और पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं को शीघ्र गति से संपन्न करने के लिए खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया।बैठक की शुरुआत में अंतर-विभागीय मामलों एवं पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर कामरूप के विकास आयुक्त सुषांत कुमार दत्ता, अतिरिक्त आयुक्त गर्गमोहन दास, आदित्य गोगोई, विक्रम छेत्री, बको–छयगांव सम जिला आयुक्त प्रियांशु भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



