जालौन

संविधान दिवस पर दयानन्द वैदिक कॉलेज में छात्रों ने समझी संविधान की मूल भावना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

उरई (जालौन)। दयानन्द वैदिक कॉलेज, उरई में रविवार को राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से संविधान निर्माण दिवस पर विचार गोष्ठी व जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष डॉ. नमो नारायण, महाविद्यालय के मुख्य अनुशासन अधिकारी डॉ. गौरव यादव और इतिहास विभाग के प्रभारी डॉ. पंकज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।
कार्यक्रम में सबसे पहले उपस्थित छात्र-छात्राओं द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया, जिससे सभा में राष्ट्रीय गौरव और संवैधानिक भावना का वातावरण प्रज्ज्वलित हुआ। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने संविधान के मौलिक उद्देश्यों, राष्ट्र की लोकतांत्रिक संरचना और सामाजिक-आर्थिक सुधारों में संविधान की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
एम.ए. तृतीय सेमेस्टर के छात्र जय हिंद ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज देश संविधान लागू होने के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती और समावेशी व्यवस्था के परिणाम देख रहा है। बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा लक्ष्मी ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना राष्ट्र के लक्ष्यों का आईना है, जिसमें न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया गया है।
इतिहास विभाग के प्रभारी डॉ. पंकज कुमार सिंह ने संविधान सभा के योगदान और ‘भारतीय संविधान के शिल्पकार’ डॉ. भीमराव अंबेडकर की दूरदर्शिता को रेखांकित किया। वहीं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. नमो नारायण ने भारतीय संविधान को विश्व में सर्वश्रेष्ठ बताते हुए कहा कि इसने भारत में संविधानवाद और लोकतंत्र की नींव मजबूत की, जबकि कई पड़ोसी देशों में यह अवधारणा असफल साबित हुई।
डॉ. गौरव यादव ने संबोधित करते हुए बताया कि वर्ष 2015 में भारत सरकार ने 26 नवंबर को प्रतिवर्ष ‘संविधान दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संविधान सीमित सरकार का परिचायक है, जो सत्ता को मनमानी से रोकती है। आपातकाल के उदाहरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 1977 के चुनाव परिणामों ने सिद्ध कर दिया कि जनता संविधान पर आघात को स्वीकार नहीं करती।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली और अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button