ललितपुर
रोडवेज बसों के संचालन की मांग तेज
उ.प्र.व्यापार मण्डल युवा जिलाध्यक्ष ने प्रभारी मंत्री को सौंपा पत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। उ.प्र. व्यापार मंडल (रजि.) युवा जिलाध्यक्ष अंकुर जैन सानू बाबा ने प्रभारी मंत्री दनिश आजाद अंसारी को एक पत्र सौंपकर ग्राम रोंडा में बनायी गयी ललितपुर बस डिपो का संचालन जल्द शुरू कराये जाने की मांग उठायी है। बताया कि रोड़ा बस डिपो पर शासन द्वारा लगभग 17 बसे स्वीकृत की गई है, लेकिन इसके बावजूद ना तो बस का संचालन शुरू किया और न ही डिपो संचालित हो सकी। जिले की बसें अन्य जनपदों में भेज दी जाती हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। कहा कि इस मुद्दे कुछ समय पहले एम.एल.सी.ने भी उठाया था, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यह भी बताया कि डिपो शुरू न होने से छात्रों को यात्रा में कठिनाई, मरीजों को दूसरे जनपद जाने में परेशानी, व्यापारियों को परिवहन बाधाएँ, तथा आम जनता को महँगे और असुविधाजनक सफर का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारियों द्वारा प्रत्येक बार केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। जनहित में डिपो का संचालन अत्यंत आवश्यक है। ज्ञापन सौंपते समय बृजेश गुप्ता, अंकित सराफ, वासु, अभिषेक नामदेव सहित अन्य व्यापारी एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से सरकार से मांग की कि रोड़ा बस डिपो को शीघ्र चालू कर जनहित में राहत प्रदान की जाए।



