असम के तीन कांग्रेस नेता हिरासत में
AI से बनाए गए मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा के वीडियो के चलते गिरफ्तार।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) ने शुक्रवार को कांग्रेस के तीन नेताओं को हिमंता बिस्वा शर्मा का एक एआई-जनित (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है । यह वीडियो मशहूर शो “कौन बनेगा करोड़पति” के अंदाज में तैयार किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा को भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया गया था। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने इस वीडियो को झूठा और एआई से निर्मित बताया। CID के स्पेशल डीजीपी मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार कांग्रेस नेताओं को कमरूप जिला न्यायालय में पेश करने के बाद जमानत दे दी गई है। गिरफ्तार नेता: असम प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रवक्ता उपेन राज नाथ, माजुली जिला कांग्रेस के सोशल मीडिया चेयरमैन जिबेस्वर गाम (27) और रुपही कांग्रेस के सदस्य शाहिदुल इस्लाम (29)। वरिष्ठ कांग्रेस प्रवक्ता राजू साहू को जांच के लिए समन किया गया, लेकिन हिरासत में नहीं लिया गया।मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सचेत किया है कि “यह एक नकली, फ़र्ज़ी वीडियो है, जो मुख्यमंत्री को बदनाम करने के लिए बनाया गया है। ऐसे झूठे वीडियो साझा न करें, वरना कानूनी कार्रवाई होगी।” इसी बीच कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि हिमंता बिस्वा शर्मा स्वतंत्र भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चुनाव हारने के डर से पुलिस का इस्तेमाल कर विरोधियों को दबा रहे हैं। पवन खेड़ा ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश पर असम में विशेष मतदाता पुनरावलोकन किया जा रहा है, जिसमें बाहरी लोगों को मतदाता सूची में शामिल किया जा रहा है। पवन खेड़ा ने जनता से अपील की कि वे मुख्यमंत्री को चुनावों में हराकर असम को भ्रष्टाचार से छुटकारा दिलाएं।



