कानपुर
गरीब एवं निर्बल वर्ग को मात्र ₹11,000 में मांगलिक कार्यक्रम स्थल उपलब्ध कराने वाला ‘केआईजेसी मंगल भवन’ अनोखी CSR पहल बना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कानपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस विचार “सीएसआर केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण में साझेदारी का एक अनोखा अवसर को साकार करते हुए कानपुर नगर ने सामाजिक उत्थान की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नगर निगम और जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल ने मिलकर अल्प आय एवं निर्बल वर्ग के हित में ‘केआईजेसी मंगल भवन’ के निर्माण का संकल्प पूरा किया है। रविवार को ‘केआईजेसी मंगल भवन’ का उद्धाटन मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर प्रमिला पांडे ने किया। संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जेसीआई द्वारा तैयार मंगल भवन गरीबों के उस सपने को सच करेगा जो हर मां बाप अपने बच्चों की शादी के लिये देखता है। शहर सबके योगदान से बनता है सब अपने अपने स्थान पर काम करते हैं तब शहर चमकता है। जेसीआई ने मंगलभवन के रूप में वह उदाहरण बना दिया जो पूरे देश के लिये है। 11 हजार रुपये पूरे देश में इस प्रकार की बिल्डिंग नहीं मिल सकती है। जेसीआई का काम अन्य संस्थाआें के लिये प्रेरणा बनेगा। वह भी इस प्रकार के सामाजिक सरोकार के काम कर सकती हैं क्योंकि हमारे पास अच्छे अफसर, लीडरशिप और सरकार है। उन्होंने कहा आई प्राउड आफ जेसीआई। महापौर प्रमिला पाण्डेय ने कहा कि जो सपना मैंनें गरीबों के लिये देखा था उसे जेसीआई ने पूरा कर दिखाया है, मैं अपने कार्यकाल में इसको इतना मजबूत कर जाउंगी कि मैं रहूं या न रहूं लेकिन मंगलभवन गरीबों की सेवा करता रहेगा। उन्होंने कहा किसी के मन में यह हो कि मंगल भवन को व्यापारी चलाएंगे तो उन्हे मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि इसका संचालन और मालिकाना हक नगर निगम के पास है। उन्होंने कहा कि जैसे गरीबों के लिये मंगलभवन बना है वैसे ही मेरा एक और सपना है कि महिलाआे के लिए एक मार्केट बने जिसका मालिकाना हक सिर्फ महिलओ
के पास ही रहे। महापौर प्रमिला पांडे ने कहा कि “मंगल भवन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक अपने मांगलिक कार्यक्रम आयोजित करने में मदद करेगा। यह परियोजना प्रधानमंत्री के सीएसआर विज़न और सीएम योगी की संवेदनशील नेतृत्व शैली का उत्कृष्ट उदाहरण है। हमारा प्रयास होगा कि मंगल भवन का रखरखाव और सेवा व्यवस्था सर्वोत्तम गुणवत्ता के साथ निरंतर जारी रहे। इसके रखरखाव का जिम्मा नगर निगम का रहेगा।’’
बताते चलें कि बेनाझाबर रोड स्थित बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के पास अप्रयुक्त पड़ी जमीन पर नगर निगम एवं महापौर प्रमिला पांडे की पहल पर सामुदायिक भवन व बारातशाला की अवधारणा बनाई गई। महापौर ने संकल्प लिया कि सीएसआर से गरीबों का उत्थान किया जाएगा इसके लिये केआईजेसी आगे आया। इसे आकार देने की शुरुआत 11 सितंबर 2024 को नगर निगम और जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल के बीच हुए एमओयू से हुई। इसके बाद 18 जनवरी 2025 को उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने वर्चुअल रूप से भूमि पूजन कर निर्माण प्रक्रिया को औपचारिक रूप दिया।
नगर निगम ने निर्माण कार्य हेतु भूमि उपलब्ध कराई, जबकि जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल के सदस्यों और शहर के प्रमुख उद्योगपतियों ने सीएसआर फंड के तहत दो करोड़ रुपये नगर निगम को दिए और 50 लाख रुपये अलग से लगाए। निगम की टेंडरिंग प्रक्रिया के बाद निर्माण कार्य कानपुर शटर कंपनी को आवंटित हुआ। जिसने रिकार्ड नौ महीने के समय में कार्य पूरा किया। अब मंगल भवन पूरी तरह तैयार है और इसे समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए उनके मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु मात्र ₹11,000 में उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी ने भी निर्माण के दौरान मंगल भवन का निरीक्षण किया था और सीएसआर को बढ़ावा देने के लिये किये गये इस काम के लिये नगर निगम, महापौर और जेसीआई की सराहना की थी। मंगल भवन पर पूरा मालिकाना हक, रखरखाव एवं संरक्षण का अधिकार नगर निगम के पास रहेगा। यह भवन एक मिशाल के तौर पर तैयार हुआ है। इसके लिए एक समिति बनाई जाएगी, जिसमें महापौर, नगर आयुक्त, जेसीआई के वर्तमान एवं पूर्व अध्यक्ष शामिल होंगे। साथ ही जेसीआई के दो सदस्य निगरानी समिति में रहेंगे, जो कि यह देखेंगें कि भवन का उपयोग सिर्फ गरीबों के लिये हो रहा है कि नहीं कोई दुरुपयोग तो नहीं हो रहा है। जेसीआई के पूर्व अध्यक्ष आकाश गोयनका ने कहा कि इस पूरे प्रोजेक्ट में माननीय महापौर प्रमिला पांडे की दूरदर्शिता, दृढ़ निश्चय और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण रही। उनके सतत प्रयासों, व्यक्तिगत निगरानी और सकारात्मक नेतृत्व ने ही इस परियोजना को रिकॉर्ड समय में मूर्तरूप दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई। सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी संवेदनशीलता ने ‘मंगल भवन’ को केवल एक संरचना नहीं बल्कि गरीब परिवारों की गरिमा से जुड़ी एक पहल के रूप में विकसित किया है। इस अवसर पर विधायक गोविंद नगर सुरेंद्र मैथानी, विधायक नीलिमा कटियार, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल के प्रेसिडेंट प्रणीत अग्रवाल, जेसीआई के पूर्व अध्यक्ष आकाश गोयनका, विकास जायसवाल, भावुक गोयल, प्रज्ञा अग्रवाल, श्रुति जैन,नेहा गर्ग,निहारिका गुप्ता, महेन्द्र मोहन गुप्त, अतुल कनोडिया एवं बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




