ललितपुर
पच्चीस हजार का इनामिया बदमाश चढ़ा पुलिस के हत्थे
इण्डस कम्पनी के मोबाइल टॉवर से उपकरण किये थे चोरी

गिरार थाना पुलिस को मिली महत्वपूर्ण सफलता
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में मोबाइल फोन्स के टॉवरों से डिवाइस व अन्य उपकरण चोरी कर अलग-अलग स्थानों पर बेचकर लाखों रुपये कमाकर अय्याशी करने वाला शातिर बदमाश आखिरकार गिरार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पिछले वर्ष गिरार थाना पुलिस ने लिखित शिकायत पर एफआईआर दर्ज की थी। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुये पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस टीम में इससे पूर्व चार अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी।
गौरतलब है कि इण्डस मोबाइल टावर कम्पनी की सहयोगी सिक्योरिटी कम्पनी एसआईबी सर्विसेज प्रा.लि. के फील्ड ऑफीसर रजनीश कुमार सिंह ने 19 जून 2024 को रात करीब 1.15 बजे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा टावर पर लगे हार्डवेयर, सीपीआर इत्यादि चोरी होने की शिकायत दर्ज करायी थी। प्रकरण में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 379 व 413 आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। इस प्रकरण में एसपी मो.मुश्ताक की सख्ती और एएसपी कालू सिंह व सीओ मड़ावरा के.के. मिश्रा के निकट पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने सर्विलांस पुलिस की मदद से चार अभियुक्तों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया था। इसी प्रकरण में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया बदमाश उ.प्र. के जिला मुजफ्फरनगर के थाना मीरापुर अंतर्गत किथोड़ा निवासी साजिद पुत्र स्व.अकील को गिरार प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र कुमार ने अपनी टीम के साथ धर दबोचा है। साजिद ने पूछताछ में बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो कि उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी जाकर मोबाइल टावरों में लगे डिवाइस व सामान की चोरी कर अलग-अलग राज्यों में बेच देते थे, जिससे लाखों रुपये का मुनाफा होता था और यह लाखों रुपये आपस में बांट लेते थे।


