विधायक मधु भगत ने पहले ही दिन शिक्षा व पंचायत विभाग के मुद्दों पर दिखाई सक्रियता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के प्रथम दिन परसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मधु भाऊ भगत अपने सक्रिय और मुद्दा आधारित तेवर के साथ सदन में नज़र आए। उन्होंने शिक्षा एवं पंचायत विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न उठाते हुए जवाब जानने की मांग की।
विधायक भगत ने प्रश्न क्रमांक 499 के अंतर्गत उच्च शिक्षा मंत्री से वर्ष 2022, 2023 एवं 2024 में जबलपुर संभाग के सभी महाविद्यालयों में सैडमैप के माध्यम से किए जा रहे आउटसोर्सिंग कार्यों की जांच पर प्रश्न किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में असत्य एवं भ्रामक जानकारी उपलब्ध कराई गई थी, जिसमें मांगे अनुसार तथ्य शामिल नहीं थे। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या अब तक जांच प्रतिवेदन प्रश्नकर्ता को उपलब्ध कराया गया है? और यदि संचालनालय स्तर पर जांच की कार्यवाही की गई है तो समस्त जांच प्रतिवेदन की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराई जाए।इस पर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने उत्तर दिया कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद गुण-दोष के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।इसी प्रकार विधायक भगत ने तारांकित प्रश्न क्रमांक 322 के माध्यम से 28.07.2025 को जनपद पंचायत बालाघाट में निर्माण कार्यों में अनियमितता संबंधी शिकायतों पर सवाल उठाया। उन्होंने यह जानना चाहा कि पिछले 18 महीनों में जनपद स्तर, जिला स्तर एवं राज्य स्तर पर की गई शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई है?
इस पर पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि विगत 18 महीनों में केवल एक बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य से संबंधित अनियमितता की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसकी जिला स्तरीय संयुक्त टीम से जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। मंत्री ने यह भी कहा कि निकटतम पंचायतों को एजेंसी बनाकर निर्माण कार्य करने के आदेश नहीं हैं। जिले में विगत दो वर्षों में 52 निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं तथा सड़क निर्माण एवं मनरेगा कार्यों की विस्तृत जानकारी पुस्तकालय में उपलब्ध है। मनरेगा के तहत स्वीकृति के बाद ही कार्य प्रारंभ होते हैं तथा भुगतान नियमों के अनुसार राज्य स्तरीय नोडल खाते से किया जाता है।
सदन में प्रश्नों के माध्यम से अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के बाद विधायक मधु भगत छिंदवाड़ा में कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत के मामले पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन में भी शामिल हुए।शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन विधायक भगत की सक्रियता ने स्पष्ट कर दिया कि वे क्षेत्र तथा जनता के हितों को लेकर पूरी मजबूती से अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।



